Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

हिमाचल: दिनदहाड़े बस अड्डे में हुई वारदात, शातिरों ने महिला को बनाया निशाना, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
मंडी, 13 मार्च। मंडी जिले के करसोग क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। करसोग के मुख्य बस अड्डे पर एक अज्ञात लुटेरे ने बस में बैठी एक महिला के गले से सरेआम मंगलसूत्र झपट लिया और मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद बस अड्डे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। 

जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला अपने घर जाने के लिए बस स्टैंड पर खड़ी एक बस में बैठी हुई थी। इसी दौरान एक अज्ञात शातिर युवक अचानक बस के पास आया और पलक झपकते ही महिला के गले पर झपट्टा मारकर सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। इससे पहले कि महिला या आसपास बैठे यात्री कुछ समझ पाते, लुटेरा वहां से भाग निकला।

वारदात के तुरंत बाद घबराई हुई महिला ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर बस अड्डे पर मौजूद मुसाफिर और स्थानीय लोग लुटेरे को पकड़ने के लिए उसके पीछे दौड़े, लेकिन शातिर बस अड्डे की भारी भीड़ का फायदा उठाते हुए लोगों को चकमा देकर रफूचक्कर होने में कामयाब रहा।

घटना की सूचना मिलते ही करसोग पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया। लुटेरे को पकड़ने के लिए पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर दी है और धड़पकड़ अभियान तेज कर दिया है। इसके अलावा पुलिस बस अड्डे और आसपास की दुकानों व रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके।

गौरतलब है कि करसोग में स्नैचिंग की यह पहली घटना मानी जा रही है। इस वारदात ने स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं और क्षेत्र में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। वहीं, पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!