न्यूज अपडेट्स
सोलन, 10 मार्च। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। अर्की उपमंडल के सरली गांव में 18 वर्षीय युवक ने अचानक हुए हमले के बाद निहत्थे ही तेंदुए का सामना किया। करीब 10 से 15 मिनट तक चले संघर्ष में युवक घायल हो गया, जबकि तेंदुए की मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग की शिकायत पर पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सरली गांव का 18 वर्षीय युवक सोमवार सुबह दूध लेकर खेतों के रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान खेतों में घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक उस पर झपट्टा मार दिया। अचानक हुए हमले से युवक संभल नहीं पाया, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए अपनी जान बचाने के लिए तेंदुए से मुकाबला शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि युवक और तेंदुए के बीच करीब 10 से 15 मिनट तक संघर्ष चलता रहा। इस दौरान तेंदुए ने युवक को पंजों और दांतों से घायल भी कर दिया। हालांकि युवक ने साहस दिखाते हुए मुकाबला जारी रखा और इस संघर्ष में तेंदुए की मौत हो गई।
युवक की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने घायल युवक को तुरंत अर्की अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
वन विभाग के अनुसार जिस तेंदुए से युवक की भिड़ंत हुई, वह पूरी तरह वयस्क नहीं था। उसकी उम्र करीब एक साल के आसपास बताई जा रही है और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह मादा तेंदुआ था। कुनिहार वन मंडल के डीएफओ राज कुमार ने बताया कि वन्यजीव प्रोटोकॉल के अनुसार तेंदुए का अंतिम संस्कार कर दिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
वन विभाग की शिकायत पर पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दाड़लाघाट के डीएसपी नवीन झाल्टा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। पुलिस को दी शिकायत में कहा गया कि घटना 9 मार्च की सुबह करीब 7 बजे की है। गांव सरली (डाकघर जोवड़ी) निवासी प्रवेश शर्मा अपने चाचा के घर दूध लेने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में खेत के पास घात लगाए बैठे तेंदुए के बच्चे ने उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले के बाद युवक ने खुद को बचाने की कोशिश की। पहले उसने चप्पल से तेंदुए पर वार किया और बाद में पास ही खेत में पड़ा डंडा उठाकर तेंदुए के मुंह और सिर पर वार कर दिया। इससे तेंदुए के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद वन विभाग के वन खंड अधिकारी जयनगर हीरालाल ने पुलिस थाना अर्की में लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धारा 51 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
