न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 01 मार्च। राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला–2026 की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने के इच्छुक कलाकारों के लिए इस वर्ष ओपन ऑडिशन 2, 3 और 5 मार्च को आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी अध्यक्ष मेला कमेटी एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार की ओर से दी गई। उन्होंने बताया कि मेला 17 मार्च से 23 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए उत्कृष्ट कलाकारों का चयन पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले के वे प्रतिभागी जो मेले में सिंगिंग, बॉलीवुड डांस, वेस्टर्न डांस सहित अन्य सांस्कृतिक विधाओं में प्रस्तुति देना चाहते हैं, वे निर्धारित तिथियों पर ऑडिशन में भाग ले सकते हैं। 2 मार्च को बिलासपुर सदर और श्री नैना देवी जी उपमंडल के कलाकारों के ऑडिशन आयोजित होंगे, जबकि 3 मार्च को घुमारवीं और झंडूता उपमंडल के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अतिरिक्त 5 मार्च को हिमाचल प्रदेश के अन्य जिलों से आने वाले कलाकारों के लिए विशेष ओपन ऑडिशन रखा गया है, ताकि प्रदेशभर की प्रतिभाओं को मंच मिल सके।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सांस्कृतिक संध्याओं के लिए उन्हीं कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी जो ऑडिशन प्रक्रिया में भाग लेंगे। कलाकार ऑडिशन के दिन ही मौके पर आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। चयनित कलाकारों को यात्रा भत्ता, मानदेय अथवा पारिश्रमिक देय नहीं होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि जिन कलाकारों को आकाशवाणी और दूरदर्शन से मान्यता प्राप्त है तथा जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय अथवा राज्य स्तरीय मेलों में प्राइम टाइम या स्टार नाइट में प्रस्तुति दी है, उनका ऑडिशन नहीं लिया जाएगा।
