न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 05 फरवरी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने जिला प्रशासन बिलासपुर की अभिनव पहल ‘पढ़ाई विद एआई’ का विधिवत शुभारंभ किया। यह एआई ऐप आधारित डिजिटल शिक्षण प्लेटफॉर्म विशेष रूप से जिला बिलासपुर के उन विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया है, जो विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण व दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्यक्रम पूरा करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को नई दिशा देने, सोच का विस्तार करने और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संवारने का सबसे सशक्त जरिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम मानते हुए निरंतर नवाचार कर रही है और समान अवसर सुनिश्चित करते हुए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बना रही है।
मुख्यमंत्री ने ‘पढ़ाई विद एआई’ को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक दूरदर्शी और सशक्त पहल बताते हुए कहा कि इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से छात्रों को पढ़ाई के समान अवसर मिलेंगे। इसमें पूर्ण डिजिटल शिक्षण व्यवस्था के साथ-साथ निरंतर अकादमिक काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे विद्यार्थी अपने लक्ष्य की ओर बेहतर मार्गदर्शन के साथ आगे बढ़ सकें।
उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि एनटीपीसी के सहयोग से इस परियोजना को साकार किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल जिले के छात्रों के लिए एक नया अवसर और मजबूत आधार बनेगी।
इस कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
