न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 05 फरवरी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज बिलासपुर जिला के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के बरठीं में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा के सांसद और विधायक हिमाचल प्रदेश के अधिकारों की आवाज उठाएंगे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जब तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है, तब तक पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बंद नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने तीन वर्षों में 23 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लिया, जबकि 26 हजार करोड़ रुपये ब्याज और मूलधन के रूप में चुका भी दिए। उन्होंने पिछली भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि उसने राजनीतिक लाभ के लिए जनता के पांच हजार करोड़ रुपये खर्च किए और राज्य को भारी कर्ज के बोझ तले डाला।
कई विकास कार्यों की घोषणाएं
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने री-रड़ोह पुल और दधोग टपें गांव में पुल निर्माण के लिए ढाई करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही बरठीं, गेहड़वी और झंडूता स्कूलों को सीबीएसई पाठ्यक्रम पर आधारित करने, तलाई में सब-तहसील खोलने, मल्होट में कोऑपरेटिव बैंक स्थापित करने और पीएचसी कलोल को अपग्रेड करने की घोषणा भी की।
उन्होंने भल्लू घाट पुल हादसे से प्रभावित 16 परिवारों को 31-31 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की और मरणोपरांत शौर्य चक्र विजेता बलदेव चंद के परिजनों को सम्मानित किया।
केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि संविधान के प्रावधानों के तहत हिमाचल प्रदेश को 73 वर्षों से मिल रही ग्रांट को केंद्र सरकार ने बंद कर दिया है। उन्होंने एक फरवरी को हिमाचल के इतिहास का “काला दिन” बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश को हर साल लगभग दस हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान हुए 9300 करोड़ रुपये के नुकसान का आकलन केंद्र की टीम ने किया, लेकिन भाजपा सांसद संसद में खामोश रहे। जनता के दर्द को समझते हुए राज्य सरकार ने आपदा प्रभावित परिवारों के लिए मुआवजा राशि में भारी बढ़ोतरी की है।
ओपीएस और अग्निवीर पर भी बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन पर ओपीएस बंद करने का दबाव है, लेकिन वह इसके आगे नहीं झुके। उन्होंने राजस्थान का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने वहां आते ही ओपीएस बंद कर दी। साथ ही उन्होंने अग्निवीर योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि चार साल बाद युवाओं का भविष्य क्या होगा, इस पर किसी ने नहीं सोचा।
विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने झंडूता विधानसभा क्षेत्र में 42.43 करोड़ रुपये की लागत से चार विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास किए। उन्होंने 3.30 करोड़ रुपये से निर्मित परमवीर चक्र विजेता नायब सूबेदार संजय कुमार राजकीय बहुतकनीकी, कलोल के प्रशासनिक भवन का उद्घाटन किया। इसके अतिरिक्त घुमारवीं-बरठीं-शाहतलाई सड़क के उन्नयन, शाहतलाई नगर के लिए मल निकासी योजना तथा चरण गंगा सौंदर्यकरण कार्य का शिलान्यास भी किया।
भव्य स्वागत
बरठीं पहुंचने पर मुख्यमंत्री का खुली जीप में भव्य स्वागत किया गया। कांग्रेस नेता विवेक कुमार ने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आपदाओं के बावजूद राज्य सरकार जनता के साथ मजबूती से खड़ी है और शिक्षा व सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रही है।
इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान, उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार और एसपी संदीप धवल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
