Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

हिमाचल: छात्र अनुशासन के लिए सख्त फैसला, स्कूलों में मोबाइल लाने पर लगेगा जुर्माना

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
बिलासपुर/घुमारवीं, 05 फरवरी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने घोषणा की है कि राज्य में विद्यार्थियों की पढ़ाई पर बेहतर ध्यान और अनुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 1 मार्च के बाद सभी सरकारी और निजी स्कूलों में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाएगा। स्कूल परिसर में मोबाइल लाने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने पर 500 रुपये जुर्माना, मोबाइल जब्ती और अभिभावकों को स्कूल बुलाकर समझाने की कार्रवाई की जाएगी। बार-बार नियम तोड़ने पर शिक्षा विभाग द्वारा तय एसओपी के तहत अनुशासनात्मक कदम उठाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री बिलासपुर जिले के घुमारवीं में आयोजित 69वीं अंडर-19 छात्रा राष्ट्रीय हैंडबॉल स्कूल प्रतियोगिता के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अक्सर देखा गया है कि लंच टाइम के दौरान बच्चे मोबाइल में व्यस्त रहते हैं, जिससे पढ़ाई पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। सरकार का उद्देश्य केवल नए स्कूल खोलना नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं सरकारी स्कूल में पढ़े हैं, इसलिए सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्कूलों में खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी प्रोत्साहित कर रही है। सरकार खेल पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में भी कार्य कर रही है और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में खेल मैदान विकसित किए जाएंगे।

उन्होंने एशियन गेम्स में भाग लेकर लौटे प्रदेश की बेटियों को रोजगार उपलब्ध करवाने की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही नेशनल हैंडबॉल प्रतियोगिता की विजेता हिमाचल प्रदेश टीम को 20 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है, इसलिए सरकार खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग दे रही है।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि खिलाड़ियों की डाइट मनी बढ़ाई गई है। अब राज्य के भीतर प्रतियोगिताओं के लिए 400 रुपये और राज्य से बाहर 500 रुपये डाइट मनी दी जा रही है। इसके अलावा राज्य से 200 किलोमीटर से अधिक दूरी पर होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए हवाई सुविधा भी प्रदान की जा रही है।

उन्होंने तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी की खेलों के प्रति रुचि की सराहना करते हुए कहा कि उन्हीं के प्रयासों से घुमारवीं में राष्ट्रीय हैंडबॉल चैंपियनशिप का आयोजन संभव हुआ। मुख्यमंत्री ने घुमारवीं में इंडोर स्टेडियम का निर्माण शीघ्र पूरा करने, घुमारवीं स्कूल भवन को एक वर्ष के भीतर तैयार करने तथा मोरसिंगी में गर्ल्स हॉस्टल निर्माण की भी घोषणा की।

69वीं अंडर-19 छात्रा हैंडबॉल स्कूल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में हिमाचल प्रदेश की टीम ने राजस्थान को पराजित कर खिताब अपने नाम किया, जबकि राजस्थान की टीम रनर-अप रही। हरियाणा की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में देशभर से 30 टीमों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान पर रही टीमों को सम्मानित किया।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!