न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 26 फरवरी। उपायुक्त बिलासपुर Rahul Kumar ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला-2026 के लिए आधिकारिक लोगो डिजाइन आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित लोगो केवल कलात्मक ही नहीं, बल्कि नलवाड़ी मेले के ऐतिहासिक महत्व, पारंपरिक स्वरूप, सांस्कृतिक झलक, स्थानीय पहचान तथा लोक संस्कृति की गौरवशाली परंपरा को दर्शाने वाला होना चाहिए।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि लोगो केवल हाथ से तैयार किया हुआ होना चाहिए तथा एआई द्वारा तैयार किए गए डिजाइन मान्य नहीं होंगे। बेहतर डिजाइन प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को जिला प्रशासन द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम पुरस्कार 11 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 5100 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 2100 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त 10 सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। इच्छुक व्यक्ति एवं छात्र 10 मार्च तक अपना डिजाइन जिला लोक संपर्क अधिकारी कार्यालय में जमा कर सकते हैं। गठित समिति द्वारा मूल्यांकन के बाद चयनित डिजाइन को मेले का आधिकारिक लोगो घोषित किया जाएगा।
इसी क्रम में, राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला 2026 के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा विशेष फोटोग्राफी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता मोबाइल तथा प्रोफेशनल कैमरा दोनों माध्यमों से आयोजित होगी। 16 वर्ष से कम तथा 16 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागी इसमें भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य मेले की सांस्कृतिक गरिमा, आस्था, परंपरा और जीवंत वातावरण को कैमरे में संजोना है। प्रतिभागी शोभा यात्रा, श्रद्धालुओं की भावनाएं, पारंपरिक झलकियां एवं मेले के विभिन्न रंगों को दर्शाती तस्वीरें प्रस्तुत कर सकते हैं। प्रविष्टियां 21 मार्च दोपहर 3 बजे तक जिला लोक संपर्क कार्यालय में जमा की जा सकेंगी। विजेताओं को मेले के अंतिम दिन सांस्कृतिक संध्या के दौरान नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा, जिला बिलासपुर में गरामोड़ा टोल बैरियर की ई-ऑक्शन प्रक्रिया 28 फरवरी को आयोजित की जाएगी। उपायुक्त ने बताया कि टोल बैरियर के संचालन के लिए ई-नीलामी पारदर्शी ऑनलाइन माध्यम से संपन्न की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं। इच्छुक प्रतिभागियों से समय रहते पंजीकरण और आवश्यक दस्तावेज पूर्ण करने की अपील की गई है।
वहीं, हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2026-27 के लिए खुदरा शराब ठेकों के आवंटन की नई ऑनलाइन ई-नीलामी व्यवस्था के तहत जिला बिलासपुर में यह प्रक्रिया 3 मार्च को आयोजित होगी। उपायुक्त ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार इस बार ठेकों का आवंटन पूरी तरह ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से किया जा रहा है। पात्र आवेदकों से निर्धारित पोर्टल पर समय पर पंजीकरण और औपचारिकताएं पूर्ण करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन द्वारा पारदर्शिता और सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इन सभी प्रक्रियाओं को ऑनलाइन एवं प्रतिस्पर्धात्मक माध्यम से आयोजित किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोग भागीदारी कर सकें।
