न्यूज अपडेट्स
शिमला, 18 फरवरी। कांग्रेस विधायक राकेश कालिया ने गगरेट क्षेत्र में मत्स्य केंद्र में हुए घोटाले का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से मछली बीज व मछली पालन से संबंधित कार्य किया गया। इसके लिए मोटरसाइकिल व फ्रीजर खरीद अनियमितता के अलावा फिश पाेंड भी नहीं बनाए गए। उन्होंने कहा कि एफ.आई.आर. दर्ज करने के बाद भी इस मामले में न तो कोई कार्रवाई हुई और न ही गिरफ्तारी की गई। उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल व फ्रीजर खरीद के अलावा फिश पाेंड कागजों में दर्शाए गए हैं पर तथ्य इसके विपरीत है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि पुलिस को आगे की कार्रवाई करने के लिए कहा जाएगा।
33 केवी विद्युत लाइन परियोजना में लापरवाही : जनक राज
भाजपा विधायक डा. जनक राज ने चम्बा जिला की पांगी घाटी में प्रस्तावित 33 केवी विद्युत लाइन परियोजना में गंभीर लापरवाही, नियम उल्लंघन व कार्य ठप्प होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2 विभागों की लड़ाई के कारण ऐसा हो रहा है। उन्होंने इस पूरे मामले की तत्काल उच्च स्तरीय एवं स्वतंत्र जांच करवाए जाने की मांग की। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने इस संदर्भ में संबंधित विभागों से जवाब मांगा है।
3 वर्ष से फोरलेन पंडोह के समीप बाधित हो रहा फोरलेन : विक्रमादित्य
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि पिछले 3 वर्षों से फोरलेन पंडोह के समीप बाधित हो रहा है। इस कारण संपर्क मार्ग कंडी-कटौला व पंडोह-चैलचौक से समूचे क्षेत्र के लिए आवाजाही होती है। उन्होंने कहा कि कंडी-कटौला मार्ग को चौड़ा करने के लिए 13 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क बाधित होने का मामला एन.एच.ए.आई. के समक्ष भी उठाया गया था। यदि विश्व बैंक से धनराशि उपलब्ध होती है तो दोनों सड़कों का विस्तारीकरण संभव हो सकेगा। उन्होंने यह जानकारी कांग्रेस विधायक अनुराधा राणा की तरफ से उठाए मामले के उत्तर में दी।
नालागढ़ यूनिट में वायु प्रदूषण से जनता परेशान : बावा
कांग्रेस विधायक हरदीप सिंह बावा ने नालागढ़ क्षेत्र में स्थित एपीआई यूनिट से वायु प्रदूषण फैलने का मामला उठाया। इस कारण क्षेत्र के 25-30 गांव के लोगों के लिए यहां से पलायन करने की स्थिति पैदा हो गई है। इस पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने पर्यावरण विभाग व राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शीघ्र इस संबंध में कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
सी.बी.एस.ई. शिक्षक न्यूनतम आयु सीमा में मिले छूट : त्रिलोक
भाजपा विधायक त्रिलोक जम्वाल ने प्रदेश में खोले गए सीबीएसई स्कूलों में अंग्रेजी व हिसाब विषय के शिक्षकों की नियुक्तियों के मामले में 21 वर्ष से लेकर 25 वर्ष के योग्य प्रतिभागियों को भी आवेदन करने की व्यवस्था करने का मामला उठाया। इसके लिए आवेदन करने की तिथि 21 फरवरी है और पात्र उम्मीदवारों की आयु सीमा 25 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि जो युवा इस आयु की शर्त से पहले पात्रता को पूरा करते हैं, उनके लिए भी आवेदन करने की छूट होनी चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने इस संदर्भ में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
सिविल अस्पताल के लिए 5 करोड़ की व्यवस्था हो : रणधीर
भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने श्री नयना देवी जी मंदिर न्यास के साथ में बन रहे सिविल अस्पताल भवन के लिए अतिरिक्त 5 करोड़ रुपए की व्यवस्था करने की मांग की। इस पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि उच्च न्यायालय ने सिविल कार्यों के लिए मंदिर न्यास से धनराशि खर्च करने पर रोक लगा दी है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि न्यायालय के आदेशों में इस संदर्भ में प्रावधान को देखकर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री डा. धनीराम शांडिल ने भी मंदिर न्याय से धनराशि उपलब्ध करवाने की दिशा में सहयोग करने की बात कही।
रीना कश्यप ने उठाया पडेली पुल बहने का मामला
भाजपा विधायक रीना कश्यप ने मानसून की भारी बरसात के कारण ग्राम पंचायत दीद-गलुथ के पडेली में पुल बहने का मामला उठाया। उनका कहना था कि स्कूलों के बच्चों को पीठ पर उठाकर यहां पर पार करवाना पड़ता था। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग या जिला उपायुक्त सिरमौर को इस संदर्भ में निर्देश दिए जाएं, ताकि आगामी मानसून से पहले पुल बन जाए। पुल निर्माण के लिए 10-15 लाख रुपए खर्च होंगे। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने लोक निर्माण विभाग को कार्रवाई करने और विधानसभा सचिवालय को इससे अवगत करवाने को कहा।
