न्यूज अपडेट्स
शिमला, 13 फरवरी। शिमला स्थित कैथू जेल से फरार हुए एक कैदी को महज 24 घंटे के भीतर पकड़ने में अहम भूमिका निभाने वाले दो जेल वार्डरों को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अभिषेक त्रिवेदी ने प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया है। दोनों वार्डरों को उनके सराहनीय कार्य के लिए प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई।
जानकारी के अनुसार कैथू जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा कैदी राम लाल वर्ष 2024 में जेल से बाहर निर्धारित कार्य पर गया था, लेकिन 1 नवंबर 2024 की शाम वह वापस जेल नहीं लौटा। कैदी के वापस न आने की सूचना मिलते ही कैथू जेल में तैनात जेल वार्डर दिनेश कुमार (बेल्ट नंबर 2023) और संदीप (बेल्ट नंबर 227) ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत उसकी तलाश शुरू कर दी। दोनों वार्डरों ने आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन कर सर्च ऑपरेशन चलाया और कुछ ही समय में कैदी के संभावित ठिकानों का पता लगाया।
लगातार तलाश के बाद वार्डरों ने फरार कैदी को कंगनधार क्षेत्र में एक कमरे से पकड़ लिया। कैदी को पकड़ने के बाद इसकी सूचना न्यू शिमला पुलिस थाने को दी गई और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे पुलिस के माध्यम से बालूगंज थाने में पेश किया गया। इसके बाद कैदी को दोबारा कैथू जेल में भेज दिया गया।
जेल प्रशासन के अनुसार दोनों वार्डरों ने बिना समय गंवाए तेजी से कार्रवाई करते हुए फरार कैदी को 24 घंटे के भीतर पकड़ लिया, जिससे किसी भी संभावित सुरक्षा जोखिम को समय रहते टाल दिया गया। उनके इस कार्य को देखते हुए पुलिस महानिदेशक अभिषेक त्रिवेदी ने 9 फरवरी 2026 को दोनों वार्डरों को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और प्रतीकात्मक रूप से 300 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी।
