न्यूज अपडेट्स
शिमला, 01 फरवरी। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसों में सफर करने वाली राज्य की महिलाओं को किराए में मिलने वाली छूट को 7 फरवरी तक बढ़ा दिया गया है।
निगम प्रबंधन ने इसके लिए आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। अब महिलाओं को हिम बस कार्ड के बिना भी निर्धारित तिथि तक किराए में छूट मिलती रहेगी।
इससे पहले यह छूट 31 जनवरी तक देने का निर्णय लिया गया था, लेकिन अब इसे एक सप्ताह और आगे बढ़ा दिया गया है। निगम के अनुसार, राज्य में महिलाओं सहित किराए में रियायत पाने वाली 28 श्रेणियों के लिए अब तक कुल 87 हजार हिम बस कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनमें से 52 हजार कार्ड महिलाओं के हैं। वहीं, करीब 15 हजार हिम बस कार्ड बनाने की प्रक्रिया अभी डाक व भौतिक सत्यापन के माध्यम से जारी है।
एचआरटीसी की बसों में प्रतिदिन औसतन तीन से साढ़े तीन लाख यात्री सफर करते हैं। निगम के वाइस चेयरमैन अजय वर्मा ने बताया कि फिलहाल बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं से कोई अतिरिक्त किराया नहीं लिया जाएगा और हिम बस कार्ड न होने पर भी उन्हें किराए में छूट का लाभ मिलता रहेगा।
