न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 14 फरवरी। राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला-2026 को भव्य, आकर्षक और यादगार स्वरूप देने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 17 से 23 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक मेले के सफल संचालन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को उच्च स्तरीय रूप देने के उद्देश्य से अतिरिक्त उपायुक्त ओमकांत ठाकुर की अध्यक्षता में कल्चरल सब कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, कलाकारों के चयन की पारदर्शी प्रक्रिया और कार्यक्रमों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि इस वर्ष नलवाड़ी मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों को नए और अधिक आकर्षक स्वरूप में प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे यह आयोजन दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि कलाकारों के चयन को व्यवस्थित, पारदर्शी और प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए विभिन्न चयन समितियों का गठन किया गया है, जो स्थानीय, प्रदेश तथा अन्य राज्यों के प्रतिभाशाली कलाकारों का चयन करेंगी।
‘वॉयस ऑफ बिलासपुर’ से मिलेगा युवाओं को मंच
इस वर्ष एक नई पहल के रूप में “वॉयस ऑफ बिलासपुर” प्रतियोगिता शुरू की जा रही है, जिसका उद्देश्य जिले की छिपी हुई गायन प्रतिभाओं को एक सशक्त और प्रतिष्ठित मंच प्रदान करना है। इसमें 16 से 30 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागी भाग ले सकेंगे।
प्रतियोगिता के प्रारंभिक ऑडिशन 28 फरवरी 2026 को भाषा एवं संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम में होंगे, जिनसे शीर्ष 15 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। इसके बाद विशेष ग्रूमिंग सत्रों के माध्यम से शीर्ष 8 प्रतिभागियों का चयन होगा, जो नलवाड़ी मेले के मुख्य मंच पर प्रस्तुति देंगे। अंत में शीर्ष तीन विजेताओं का चयन किया जाएगा। विजेता को 1 लाख रुपये, द्वितीय को 50 हजार रुपये और तृतीय को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
अन्य कलाकारों के लिए भी होंगे ऑडिशन
स्थानीय कलाकारों के लिए सदर और श्री नैना देवी जी उपमंडल में 2 मार्च को, जबकि घुमारवीं और झंडुता उपमंडल के कलाकारों के लिए 3 मार्च को ऑडिशन होंगे। प्रदेश भर के कलाकारों के लिए 5 मार्च को ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला बिलासपुर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और जनभागीदारी का प्रतीक है। उन्होंने आशा जताई कि सभी विभागों, मेला उप-समितियों और आम जनता के सहयोग से नलवाड़ी मेला-2026 को सफलतापूर्वक आयोजित किया जाएगा और यह जिला की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
