Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

बिलासपुर: पीडीएस हुआ हाईटेक, अब ओटीपी और फेस ऑथेंटिकेशन से मिलेगा राशन

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
बिलासपुर, 24 फरवरी। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा है कि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को अधिक सुगम, पारदर्शी और तकनीक-अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। जिला की सभी उचित मूल्य की दुकानों (एफपीएस) पर आधार आधारित ओटीपी तथा फेस ऑथेंटिकेशन (चेहरा प्रमाणीकरण) की सुविधा को पूर्ण रूप से सक्रिय कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि अब लाभार्थी अपने आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी अथवा फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से आसानी से राशन प्राप्त कर सकेंगे। इस नई व्यवस्था से वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी और पात्र उपभोक्ताओं को सुविधाजनक तरीके से खाद्यान्न उपलब्ध हो सकेगा।

उपायुक्त ने विभागीय अधिकारियों के हवाले से जानकारी दी कि बुजुर्ग, बीमार एवं दिव्यांग लाभार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रावधान किया गया है। जो उपभोक्ता शारीरिक रूप से उचित मूल्य की दुकान तक पहुंचने में असमर्थ हैं, वे किसी नामांकित व्यक्ति के माध्यम से अथवा ओटीपी साझा कर राशन प्राप्त कर सकते हैं। इससे जरूरतमंद लोगों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी और वितरण प्रणाली अधिक मानवीय बनेगी।

जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, बिलासपुर ने बताया कि सभी उचित मूल्य की दुकानों के संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे उपभोक्ताओं को नई तकनीकी सुविधाओं की जानकारी दें तथा वितरण प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करें।

किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या या शिकायत की स्थिति में लाभार्थी विभाग के दूरभाष नंबर 01978-222349 पर संपर्क कर सकते हैं अथवा संबंधित ब्लॉक के विभागीय निरीक्षक से भी संपर्क कर सकते हैं।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने दोहराया कि सभी पात्र नागरिकों तक निर्बाध और पारदर्शी खाद्यान्न आपूर्ति सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!