न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 04 फरवरी। बिलासपुर जिले के वेटनरी चौक पर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को 3.1 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शरीफ मोहम्मद उर्फ नीटू (38 वर्ष) निवासी अपर खैरियां, बामटा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी को शक के आधार पर रोका गया, तलाशी लेने पर उसके कब्जे से चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी यह नशा कहां से लाया था और इसके पीछे कोई संगठित नशा तस्करी नेटवर्क तो नहीं है।
उल्लेखनीय है कि चिट्टा हिमाचल प्रदेश में तेजी से फैलता हुआ एक खतरनाक नशा है, जिससे युवा वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। इसे देखते हुए पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और आम लोगों से भी अपील की जा रही है कि नशे से संबंधित किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें।
