न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 07 फरवरी। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला के कलोल में एक छात्र ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है. यह छात्र पॉलिटेक्निक कॉलेज कलोल में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छठे सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा था। वहीं प्रथम दृष्टया मानसिक तनाव के चलते छात्र द्वारा इस तरह का कदम उठाने की संभावना जताई जा रही। वहीं तलाई पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर BNSS के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार सुभाष चन्द निवासी गांव कलोल जिला बिलासपुर ने तलाई थाने पर सूचना दी कि उसके रिहायशी मकान में किराये पर रह रहे गौरव निवासी गांव कच्छेहरा जिला कांगड़ा, जो पॉलिटेक्निक कॉलेज कलोल में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छठे सेमेस्टर का छात्र था, उसने अपने क्वार्टर में आत्महत्या कर ली है।
वहीं सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां कमरे का दरवाजा खुला पाया गया और गौरव का शव छत के पंखे के लोहे के कुंडे से चादर का फंदा लगाकर लटकी हुई पायी गयी, साथ ही शव के नीचे प्लास्टिक की कुर्सी भी रखी हुई मिली। वहीं पुलिस टीम द्वारा शव के निरीक्षण में किसी प्रकार की कोई बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए. वहीं कमरे की तलाशी लेने पर कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए घुमारवीं अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक बिलासपुर संदीप धवल ने कहा की कलोल में ढाई वर्षों से एक किराए के कमरे में रह रहे छात्र ने आत्महत्या कर ली है जिसका शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल घुमारवीं में भेज दिया गया है और छात्र ने किसी मानसिक तनाव या अन्य किसी वजह से इस तरह का कदम उठाया है इसकी जांच शुरू कर दी गयी है. साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस थाना तलाई द्वारा BNSS के अंतर्गत धारा 194 में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है.
