न्यूज अपडेट्स
नई दिल्ली, 15 जनवरी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश से जुड़ी विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं से संबंधित मुद्दों को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने तथा राज्य के विकास में सहयोग का आग्रह किया।
भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने स्वास्थ्य अधोसंरचना के विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं के लिए केंद्रीय सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत प्रदेश को अधिक सहयोग प्रदान करने का भी अनुरोध किया, ताकि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने मुख्यमंत्री को हिमाचल प्रदेश को स्वास्थ्य क्षेत्र सहित अन्य विकासात्मक कार्यों में केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
