न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 05 जनवरी। हिमाचल प्रदेश के विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नैना देवी में रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। साप्ताहिक अवकाश के चलते माता के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। जानकारी के अनुसार करीब 30 हजार श्रद्धालुओं ने मां नैना देवी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर के कपाट सुबह 4 बजे ही खोल दिए गए थे। इसके बावजूद दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली सहित हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से श्रद्धालु सुबह से ही मंदिर पहुंचने लगे और यह सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।
दोपहर की आरती के समय श्रद्धालुओं की संख्या इतनी अधिक हो गई कि कतारें मंदिर परिसर से बाहर निकलकर फ्लाईओवर तक पहुंच गईं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर न्यास, पुलिस प्रशासन और होमगार्ड के जवान मुस्तैद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन करवाए गए।
मंदिर प्रशासन की ओर से स्वच्छता, पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई गईं। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण और व्यवस्थित दर्शन व्यवस्था के लिए प्रशासन का आभार जताया।
