न्यूज अपडेट्स
शिमला, 27 दिसंबर। हिमाचल प्रदेश सरकार में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनी राम शांडिल ने रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल को ग़लत ठहराया है। उन्होंने कहा कि जिस दिन रेजिडेंट डॉक्टर मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए आए थे, उसी दिन आरोपी डॉक्टर को अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांग लेनी चाहिए थी। यदि समय रहते माफी मांग ली जाती, तो मौजूदा हालात पैदा नहीं होते।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है और जल्द ही समाधान निकाल लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ने सख़्त निर्देश जारी किए हैं कि किसी भी सूरत में आपातकालीन सेवाएं बाधित नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री के लौटते ही इस मसले को सुलझाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
डॉ. शांडिल ने कहा कि डॉक्टरों का हड़ताल पर जाना उचित नहीं है। डॉक्टर का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण और जिम्मेदारीपूर्ण होता है, जिसमें मरीजों की सेवा सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि वे किसी के करियर के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन इस तरह के मामलों में आम जनता की सुविधा और स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि हड़ताल के माध्यम से दबाव बनाने की कोशिश सही तरीका नहीं है। हर गलती में सुधार की संभावना होती है और संवाद के जरिए समाधान निकाला जाना चाहिए।
