न्यूज अपडेट्स
गगल (कांगड़ा), 08 दिसंबर। देशभर में इंडिगो की उड़ानें रद्द होने के बाद यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्थिति यह है कि हवाई यात्रियों को अब मनमाने किराये की मार झेलनी पड़ रही है। शनिवार को हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े गगल स्थित कांगड़ा हवाई अड्डे के लिए भले ही सभी निर्धारित उड़ानें संचालित हुईं, लेकिन एयरलाइंस द्वारा वसूले जा रहे भारी-भरकम किराये ने लोगों को हैरान और परेशान कर दिया।
इंडिगो की सेवाएं प्रभावित होने के चलते यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है और इसका सीधा असर टिकट कीमतों पर पड़ा है। हवाई किराया अचानक चार से पांच गुना तक बढ़ गया है। दिल्ली से कांगड़ा तक जहां आम दिनों में एकतरफा टिकट 5,000 रुपये के आसपास मिलता है, वहीं शनिवार को यात्रियों से 32,628 रुपये तक वसूले गए।
स्पाइसजेट से पहुंचे यात्री बोले—"जाना जरूरी था, इसलिए महंगा टिकट लेना पड़ा"
शनिवार सुबह स्पाइसजेट का विमान 7:40 बजे 41 यात्रियों को लेकर कांगड़ा हवाई अड्डे पर उतरा। जब कुछ यात्रियों से किराये को लेकर बात की गई, तो उन्होंने बताया कि अत्यधिक किराये के बावजूद उनके पास कोई विकल्प नहीं था। गंतव्य तक पहुंचना जरूरी था, इसलिए मजबूरी में महंगा टिकट खरीदना पड़ा।
यात्रियों का कहना है कि एयरलाइंस इंडिगो संकट का फायदा उठाकर मनमानी कीमतें वसूल रही हैं। अचानक बढ़े किराये ने सामान्य यात्रियों के बजट को झटका दिया है।
मामले को लेकर यात्रियों ने सरकार और नियामक संस्थाओं से हस्तक्षेप कर हवाई किरायों को नियंत्रित करने की मांग की है, ताकि संकट के समय उन्हें आर्थिक शोषण का सामना न करना पड़े।
