न्यूज अपडेट्स
शिमला, 19 दिसंबर। हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के निदेशक मंडल की 162वीं बैठक के दूसरे दिन कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता करते हुए राज्य सरकार की अधिसूचना के अनुरूप दैनिक वेतन को ₹400 से बढ़ाकर ₹425 करने का महत्वपूर्ण फैसला लिया गया, जिससे निगम के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा।
बैठक में JOA-IT के 171 पदों को भरने के साथ-साथ शेष 78 पीसमील श्रमिकों को कॉन्ट्रैक्ट पर लाने का निर्णय भी लिया गया। इससे निगम की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ कर्मचारियों की सेवाओं को अधिक स्थिरता मिलेगी।
यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में HRTC ने 250 डीज़ल बसों और 100 मिनी/मिडी बसों की खरीद के लिए रिटेंडर प्रक्रिया को 15 दिनों के भीतर पूरा करने का निर्णय लिया। इससे प्रदेश में परिवहन सेवाओं को मजबूती मिलेगी और रूट कवरेज बढ़ेगा।
इसके अलावा, हरोली और नादौन में PPP मोड पर ऑटोमैटिक टेस्टिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, जिससे वाहनों की जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और आधुनिक होगी। कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्य को प्रोत्साहित करने के लिए रिवार्ड पॉलिसी लागू करने का भी निर्णय लिया गया।
यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी HRTC बसों में रियल-टाइम लोकेशन के लिए व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम लगाने का फैसला भी बैठक में किया गया। इन निर्णयों से HRTC की सेवाओं में सुधार के साथ-साथ कर्मचारियों और यात्रियों—दोनों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
