न्यूज अपडेट्स
मंडी, 24 दिसंबर। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की बल्ह घाटी बुधवार सुबह उस वक्त खौफ में डूब गई, जब एक आदमखोर तेंदुए ने रिहायशी इलाकों में घुसकर लोगों पर ताबड़तोड़ हमले कर दिए। कुछ ही घंटों के भीतर तेंदुए ने तीन अलग-अलग गांवों में दहशत फैला दी, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार तेंदुए ने सबसे पहले चंडयाल गांव में लोगों पर हमला किया। इसके बाद वह भड़याल गांव पहुंचा, जहां एक के बाद एक कई लोगों को घायल कर दिया। अचानक हुए इन हमलों से ग्रामीणों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हमलों की कड़ी में सबसे दर्दनाक घटना मलवाणा गांव में सामने आई, जहां तेंदुए ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में 40 वर्षीय बलवीर सिंह पुत्र थुंगु राम निवासी भ्यूली की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बलवीर सिंह प्रवासी मजदूर था और मंडी में रह रहा था, जो अपने रिश्तेदारों के पास मलवाणा आया हुआ था।
महिला समेत 8 लोग गंभीर घायल
इस आदमखोर तेंदुए के हमले में कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में
साहिब सिंह (निवासी बिहार)
दीनानाथ (निवासी भड़याल)
चंपा देवी (निवासी मलवाणा)
जनित (निवासी भड़याल)
रेखा देवी (निवासी भड़याल)
शामिल हैं। सभी घायलों को श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज, नेरचौक में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
लगातार हमलों के बाद ग्रामीणों में गुस्सा और डर दोनों देखने को मिला। लोग डंडों और हथियारों के साथ घरों से बाहर निकल आए। बताया जा रहा है कि तेंदुए ने दोबारा हमला करने की कोशिश की, इसी दौरान ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए उसे घेर लिया और मार गिराया। तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है, पांच लोग घायल हैं और आदमखोर तेंदुए को मार गिराया गया है। प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों और घायलों को फौरी राहत दी जा रही है।
वहीं डीसीएफ मंडी वासु डोगर ने कहा कि वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
