न्यूज अपडेट्स
रामपुर बुशहर (शिमला), 08 नवंबर। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां शादी समारोह से लौट रही एक कार गहरी खाई में जा समाई है। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कई लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि गाड़ी में सवार सभी लोग एक शादी समारोह से लौट रहे थे।
यह हादसा शिमला जिला के रामपुर बुशहर के तहत आती डंसा पंचायत में हुआ है। जब बरात से लौट रही एक बोलेरो गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही एक महिला की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार दोपहर ग्राम पंचायत शिंगला के खुना गांव के पास हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार बोलेरो (नंबर HP 06B 5874) में सात लोग सवार थे, जो ननखड़ी क्षेत्र से डंसा गांव में एक विवाह समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही गाड़ी खुना के पास मोड़ पर पहुंची, चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
दुर्घटना की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने ग्रामीणों की मदद से राहत कार्य को अंजाम दिया।
हादसे में एक महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसारए सड़क पर फिसलन और अंधेरे के कारण चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया होगा। थाना प्रभारी रामपुर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
गांव में मातम का माहौल है। शादी की खुशी में शामिल हुए लोग अब शोक में डूबे हैं। मृतका के परिजनों का रो.रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को टाला जा सके।
