न्यूज अपडेट्स
कुल्लू, 16 नवम्बर। जिला कुल्लू में पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और शहर के यातायात को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से उपायुक्त एवं जिला मज़िस्ट्रेट कुल्लू ने मोटर व्हीकल एक्ट, 1988 की धारा 115 के तहत नए पार्किंग एवं नो-पार्किंग जोन अधिसूचित किए हैं। इसके लिए 25 मार्च से 23 अप्रैल 2025 तक आम जनता से आपत्तियाँ और सुझाव मांगें गए थे। प्राप्त सुझावों की विस्तृत जांच तथा संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों को पार्किंग और नो-पार्किंग जोन के रूप में चिह्नित किया गया है।
अधिसूचना के अनुसार गुप्ता न्यूज़ एजेंसी से पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मुख्य द्वार तक 30 मीटर क्षेत्र को ऑटो-रिक्शा के लिए पेड पार्किंग घोषित किया गया है, जिसमें 12 रिक्शा खड़े हो सकेंगे। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से एनिमल हसबेंड्री कार्यालय के मुख्य द्वार तक 30 मीटर क्षेत्र दोपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए आरक्षित किया गया है, जिसकी क्षमता 45 तय की गई है। एनिमल हसबेंड्री कार्यालय से डीसी ऑफिस चौक तक 113 मीटर क्षेत्र, जो वकीलों के चैंबर के सामने पड़ता है, LMV वाहनों के लिए पेड पार्किंग के रूप में निर्धारित किया गया है, जहां 25 वाहन खड़े हो पाएंगे। इसके अलावा डीसी ऑफिस चौक से प्रथम केमिस्ट शॉप तक 57 मीटर क्षेत्र भी LMV पार्किंग के लिए आरक्षित किया गया है, जिसकी क्षमता 12 वाहन है।
प्रथम केमिस्ट शॉप से क्षेत्रीय अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार तक 52 मीटर क्षेत्र को नो-पार्किंग जोन घोषित किया गया है, जहां किसी भी प्रकार का वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार से इमरजेंसी गेट तक 15 मीटर क्षेत्र में ऑटो-रिक्शा के लिए पेड पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जिसकी क्षमता 5 वाहन तय की गई है। इमरजेंसी गेट से आगे 105 मीटर क्षेत्र में LMV वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी, जहां 23 वाहन खड़े किए जा सकेंगे। इसके साथ ही पीएनबी एटीएम से अस्पताल के इमरजेंसी गेट तक का क्षेत्र आपातकालीन वाहनों के लिए समर्पित फ्री पार्किंग घोषित किया गया है, ताकि एम्बुलेंस व अन्य आपात सेवाओं को किसी प्रकार की बाधा न हो। इमरजेंसी गेट से प्रेस क्लब कुल्लू तक 25 मीटर क्षेत्र को ऑटो-रिक्शा के लिए पेड पार्किंग के रूप में अधिसूचित किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि इन नई पार्किंग व्यवस्थाओं से न केवल शहर में ट्रैफिक दबाव कम होगा, बल्कि अस्पताल क्षेत्र में आपातकालीन सेवाओं को भी सुचारू रूप से आवागमन में मदद मिलेगी।
