न्यूज अपडेट्स
हमीरपुर, 8 नवंबर। हमीरपुर जिले से आई एक बेहद दुखद और शर्मनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। सासन पंचायत की वह महिला, जिस पर कुछ दिन पहले एक नाबालिग युवक ने दुष्कर्म का प्रयास विफल होने पर दराती से हमला किया था, ने आज PGI चंडीगढ़ में दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के दिन आरोपी युवक ने महिला के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया था। जब महिला ने विरोध किया, तो उसने उस पर दराती से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों ने तत्काल घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया था।
कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आज सुबह महिला ने अंतिम सांस ली। महिला की मृत्यु की खबर से सासन पंचायत सहित पूरे हमीरपुर क्षेत्र में गहरा शोक और आक्रोश फैल गया है।
