न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 20 नवंबर। गोविंद सागर झील के तट पर 21 से 23 नवंबर तक आयोजित होने वाले बहुप्रतीक्षित ‘जल तरंग जोश महोत्सव–2025’ का शुभारंभ अब तकनीकी शिक्षा, नगर नियोजन, आवास, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी करेंगे। यह जानकारी उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि मंत्री धर्माणी 21 नवंबर को सुबह 11 बजे लुहणू मैदान में महोत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वे मेला ग्राउंड में आयोजित रेड क्रॉस मेला और आजीविका मेला का उद्घाटन करेंगे तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए सरकारी प्रदर्शनी स्टॉलों का भी अवलोकन करेंगे। इसी दौरान वे जिला वासियों को संबोधित भी करेंगे।
सांस्कृतिक व रोमांचक कार्यक्रम बनेगी आकर्षण की विशेषता
शुभारंभ समारोह को यादगार बनाने के लिए प्रशासन ने विशेष कार्यक्रमों की योजना बनाई है।
‘अक्षाज द बैंड’ लाइव प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन करेगा।
हिमाचल पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के प्रशिक्षित पैराग्लाइडर्स उद्घाटन के दौरान आसमान से पुष्प वर्षा करेंगे।
पैराग्लाइडर्स आकर्षक हवाई करतब भी दिखाएंगे, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगा।
झील पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रमुख उद्देश्य
उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य बिलासपुर जिले की झील पर्यटन पहचान को मजबूत करना, युवाओं में साहसिक खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाना तथा स्थानीय समुदाय की आर्थिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। महोत्सव में जल क्रीड़ा गतिविधियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने वाले कई आयोजन शामिल रहेंगे।
उन्होंने जिला वासियों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर उत्सव का हिस्सा बनें और गोविंद सागर झील की रोमांचक गतिविधियों व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लें।
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री सुक्खू स्वास्थ्य कारणों से बिलासपुर नहीं आ पाएंगे, इसलिए उद्घाटन कार्यक्रम की जिम्मेदारी अब मंत्री राजेश धर्माणी निभाएंगे। पहले इस महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा किया जाना तय था, लेकिन उनके स्वास्थ्य कारणों से कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।
