न्यूज अपडेट्स
शिमला, 27 नवंबर। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के बयान पर भारी हंगामा हुआ है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंत्री के व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने भरे सदन में राजस्व मंत्री को अपनी खाल में रहने की चेतावनी दे दी। पूर्व सीएम ने कहा कि मंत्री ने बातचीत के दौरान बदतमीजी की सारी हदें पार कर दी हैं। विपक्ष ने साफ कर दिया है कि अब वे सदन में मंत्री की बात नहीं सुनेंगे।
जमीन सौदों पर बड़े खुलासे की चेतावनी
जयराम ठाकुर ने धारा 118 के तहत हो रहे जमीन सौदों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही कई राज से पर्दा उठने वाला है। यह पता चलेगा कि कौन लोग बाई-हैंड फाइलें लाते हैं। वे कौन लोग हैं जो दो दिन में काम करवाने का दावा करते हैं। हिमाचल प्रदेश में चल रहे इन खेलों का जल्द खुलासा किया जाएगा।
मंत्री पर लगाया भटकने का आरोप
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राजस्व मंत्री को जिस विषय पर बोलना चाहिए, वे उस पर नहीं बोलते। वे अपनी बात की शुरुआत और अंत केवल सराज विधानसभा और जयराम ठाकुर पर करते हैं। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से शिकायत की है कि मंत्री अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। विपक्ष ने स्पष्ट किया कि सरकार की मजबूरी हो सकती है, लेकिन वे ऐसे व्यक्ति को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
आपदा पीड़ितों पर एफआईआर का मुद्दा
जयराम ठाकुर ने सरकार की कार्यप्रणाली पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि सराज में आपदा के दौरान 33 लोगों की जान चली गई। इनमें से कई लोगों के शव तक नहीं मिले हैं। इसके बावजूद राजस्व मंत्री ने ऐसे पीड़ित परिवारों पर एफआईआर दर्ज करवा दी है। उन्होंने कहा कि मंत्री द्वारा इस्तेमाल किए गए शब्द सदन की कार्यवाही में रखने लायक नहीं हैं।
