न्यूज अपडेट्स
मंडी, 10 नवंबर। बालीचौकी-थाची मार्ग पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। ‘धीमान बस सेवा’ की एक यात्री बस थाची से औट की ओर जा रही थी, जब पंजाई के समीप अचानक बस में तकनीकी खराबी आ गई। देखते ही देखते बस अनियंत्रित होने लगी, जिससे सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि यह सड़क बेहद संकरी है और एक ओर गहरी खाई है, जिस कारण हर पल खतरा बना रहता है। ऐसे में चालक ने अद्भुत सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए बस को खाई की ओर जाने से रोक लिया। उन्होंने तत्काल बस का रुख पहाड़ की ओर मोड़ दिया, जिससे वाहन पहाड़ से टकराकर रुक गया।
इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ और सभी सुरक्षित बाहर निकल आए। यात्रियों ने चालक की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उसकी तत्परता और समझदारी ने दर्जनों जानें बचा लीं। यदि चालक ने एक पल की भी देरी की होती, तो बस गहरी खाई में जा सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को सामान्य करने में मदद की। फिलहाल बस को सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा कर दिया गया है और तकनीकी जांच जारी है।
