न्यूज अपडेट्स
हमीरपुर, 13 नवंबर। वीरवार सुबह हमीरपुर के नजदीकी क्षेत्र दुगनेहडी में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक टैक्सी चालक ने सदर थाना के एसएचओ इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। घटना के दौरान एसएचओ के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घायल एसएचओ को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका एक्स-रे और अन्य चिकित्सीय परीक्षण चल रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, वीरवार सुबह करीब 7:45 बजे एसएचओ कुलवंत सिंह अपनी टीम के साथ दुगनेहडी में नाके पर मौजूद थे। इस दौरान ऊना की तरफ से तेज रफ्तार में एक स्थानीय टैक्सी (नंबर एचपी 01 एच 3516 – आल्टो) आ रही थी। एसएचओ ने जैसे ही उसे रुकने का इशारा किया, टैक्सी चालक ने गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी और उन पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया।
खतरा भांपते हुए एसएचओ ने गाड़ी के टायर पर तीन राउंड फायर किए, लेकिन टायर फटने के बावजूद चालक मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने गाड़ी को किसी अन्य क्षेत्र से बरामद कर लिया, हालांकि चालक फरार था। पुलिस ने उसकी पहचान कर ली है और उसकी तलाश तेज कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि टैक्सी में कोई अवैध सामग्री या नशे की खेप हो सकती है, लेकिन इस संबंध में अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
एसपी हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गाड़ी को बरामद कर लिया गया है और आरोपी चालक की पहचान हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही उसे हिरासत में ले लिया जाएगा।
गौरतलब है कि इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह ने हाल ही में सदर थाना का कार्यभार संभालने के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्हें बीते माह “स्टार परफॉर्मर” अवार्ड से भी सम्मानित किया गया था।
