न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 13 नवंबर। जिले के चार हजार सामाजिक सुरक्षा पेंशन धारकों की पेंशन इस माह अटक सकती है। इन पेंशनरों ने अभी तक अपना ऑनलाइन सत्यापन नहीं करवाया है।
जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से इन दिनों पेंशन धारकों का ऑनलाइन सत्यापन कार्य चल रहा है। विभाग ने सभी अप्रमाणित पेंशनरों को 15 नवंबर तक सत्यापन करवाने के निर्देश जारी किए हैं। निर्धारित तिथि तक सत्यापन न करवाने वालों की पेंशन रोक दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिले में कुल 49 हजार सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारक हैं, जिनमें से लगभग 45 हजार का सत्यापन पूरा हो चुका है। शेष चार हजार पेंशनर अब भी प्रक्रिया से वंचित हैं। विभाग ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मोबाइल एप के माध्यम से सत्यापन की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रशिक्षित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पेंशनरों के दस्तावेज देखकर मोबाइल एप पर उनका सत्यापन करेंगी।
सत्यापन के लिए पेंशनरों को आधार कार्ड, आयु प्रमाण हेतु पंचायत सचिव का प्रमाण पत्र, वोटर कार्ड, पैन कार्ड या दसवीं कक्षा का प्रमाण पत्र जैसे किसी एक दस्तावेज की आवश्यकता होगी। जिला कल्याण अधिकारी ने कहा कि अधिकांश पेंशनर सत्यापन करवा चुके हैं, जबकि शेष को निर्धारित समय सीमा के भीतर यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी, ताकि उनकी पेंशन निर्बाध जारी रह सके।
