न्यूज अपडेट्स
मंडी, 10 नवंबर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को मंडी जिला के पनारसा में 13.14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय महाविद्यालय पनारसा के नए भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है और सरकार शिक्षा व्यवस्था में सुधार कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि केवल इमारतें खड़ी करना उद्देश्य नहीं होना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने बीते तीन वर्षों में शिक्षा क्षेत्र में कई सुधारात्मक कदम उठाए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पहली कक्षा से जमा दो तक के स्तर पर गुणात्मक शिक्षा के लिए अलग स्कूल शिक्षा निदेशालय की स्थापना की गई है। इन प्रयासों से हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में देश में 21वें स्थान से बढ़कर 5वें स्थान पर पहुंच गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली कक्षा से अंग्रेज़ी माध्यम की शिक्षा शुरू की गई है और 100 सीबीएसई स्कूलों की स्थापना का कार्य जारी है, जिनमें से 40 स्कूलों को एफिलिएट किया जा चुका है। इसके साथ ही कॉलेज स्तर पर भी सरकार ने अलग निदेशालय का गठन किया है और उच्च शिक्षा में संरचनात्मक बदलावों की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के 6,297 प्राथमिक स्कूलों में प्री-प्राइमरी कक्षाएं शुरू की गई हैं और हर विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी राजकीय आदर्श डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं, जो स्मार्ट क्लासरूम, पुस्तकालय और आधुनिक खेल सुविधाओं से सुसज्जित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर देने के लिए डॉ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना शुरू की गई है, जिसके तहत देश और विदेश में अध्ययन के लिए 20 लाख रुपये तक का ऋण मात्र 1 प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महाविद्यालय पनारसा में अगले सत्र से सेल्फ फाइनेंसिंग आधार पर बी.वॉक और बी.सी.ए. की कक्षाएं शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन पाठ्यक्रमों से विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख शिक्षा प्राप्त होगी।
पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री का द्रंग विधानसभा क्षेत्र के तीव्र विकास और महाविद्यालय पनारसा की विज्ञान कक्षाओं की शुरुआत के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन कक्षाओं से विद्यार्थियों की संख्या में वृद्धि होगी और कुल्लू महाविद्यालय का दबाव भी कम होगा।
