न्यूज अपडेट्स
हमीरपुर, 09 नवंबर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। नाबालिग द्वारा 40 वर्षीय महिला रंजना के साथ जबरन दुष्कर्म और उसके बाद की गई बेरहमी से पिटाई के चलते महिला की पीजीआई चंडीगढ़ में मौत हो गई। घटना के बाद से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। रविवार सुबह महिला का शव जब गांव पहुंचा, तो लोगों ने शव को नेशनल हाईवे पर रखकर करीब चार घंटे तक प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों की मांग थी कि आरोपी को कड़ी सजा दी जाए और मामले की निष्पक्ष जांच हो। मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचे, लेकिन लोग तब तक शांत नहीं हुए जब तक मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने खुद फोन पर बात नहीं की।
मुख्यमंत्री ने डीसी और एसपी हमीरपुर को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और भरोसा दिलाया कि दोषी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इसके बाद ही ग्रामीणों ने शव को अंतिम संस्कार के लिए उठाया।
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी नाबालिग के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें हो चुकी थीं, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लोगों ने आरोप लगाया कि अगर समय रहते कार्रवाई होती, तो आज रंजना जिंदा होती।
स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया था। दोपहर बाद माहौल शांत हुआ और जाम हटाया गया। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सरकार पीड़िता के परिवार को आर्थिक सहायता दे और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।
