न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 15 नवंबर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में ईवीएम की सुरक्षा में लापरवाही के चलते 8 पुलिस जवानों को सस्पेंड किया गया है। औचक निरीक्षण के दौरान ये सभी पुलिस जवान मौके से नदारद मिले।
दरसअल, हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के डिग्री कॉलेज और लखनपुर में ईवीएम रखी गई है और यहां पर गार्द में पुलिस जवान तैनात किए गए हैं. करीब आठ पुलिसकर्मी बुधवार रात को यहां पर ड्यूटी पर नहीं मिले. एएसपी शिव चौधरी ने देर रात निरीक्षण किया तो कोई भी जवान मौके पर नहीं था. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस प्रशासन ने दो हेड कांस्टेबल और छह कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया।
दरअसल, बिलासपुर सदर विधानसभा सीट पर 2022 में चुनाव हुए थे. कांग्रेस प्रत्याशी ने अपनी हार के बाद कुछ जगहों पर गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं और ऐसे में बिलासपुर शहर में दो स्थानों पर ईवीएम रखी गई हैं. इनकी सुरक्षा के लिए पुलिस गार्द लगाई है।
बिलासपुर डिग्री कॉलेज में वो ईवीएम रखी गई हैं, जिन पर चुनावी विवाद चल रहा है. बुधवार देर रात एएसपी शिव चौधरी ने जब औचक निरीक्षण किया तो दोनों ही स्थानों पर जवान ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे। एसपी संदीप धवल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान दो हेड कांस्टेबल और छह कांस्टेबल ड्यूटी से गायब मिले हैं और सभी को अनुशासनहीनता और संवेदनशील ड्यूटी में लापरवाही बरतने के चलते लाइनहाजिर किया गया है. सभी के खिलाप विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
एसपी ने कहा कि मामला बेहद संजीदा है और ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जा सकती. अमर उजाला की खबर के अनुसार, एएसपी शिव चौधरी का कहना है कि ईवीएम की सुरक्षा की जिम्मेदारी काफी अहम रहती है. इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
