न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 12 नवंबर। बिलासपुर में शराब के ठेकों पर निर्धारित मूल्य (MRP) से अधिक वसूली किए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। विभाग की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि किसी भी स्थिति में MRP से अधिक राशि नहीं ली जाएगी, लेकिन इसके बावजूद ठेका संचालक इन आदेशों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं।
ऐसा ही एक मामला 3 नवंबर को बिलासपुर शहर के एक ठेके से सामने आया, जहां एक व्यक्ति ने शराब की बोतल खरीदी जिसका MRP 185 रुपये था, लेकिन ठेका संचालक ने उससे 200 रुपये वसूल लिए। यानी 15 रुपये अधिक वसूली कर न केवल उपभोक्ता के साथ धोखाधड़ी की गई, बल्कि विभागीय नियमों का भी उल्लंघन हुआ।
जानकारी के अनुसार, इस घटना की शिकायत संबंधित विभाग को भेजी गई है। वहीं, लोगों ने मांग की है कि जिला प्रशासन और आबकारी विभाग इस तरह की मनमानी वसूली पर सख्त कार्रवाई करें ताकि आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके और नियमों का पालन सुनिश्चित हो।
