न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 18 नवंबर। बिलासपुर की ग्राम पंचायत औहर और बकरोआ में मंगलवार को एक पागल कुत्ते ने दोनों पंचायतों की आठ गायों को काट लिया है। अभी तक यह कुत्ता किसी की पकड़ में नहीं आया है, इसलिए लोगों के भय का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक दोपहर के समय औहर पंचायत में एक अज्ञात एवं आवारा कुत्ता घूम रहा था। उसने पल्थी गांव के गोपाल चंद की दो गायें जोकि घर में ही बंधी हुई थीं, उसको काट लिया। पंचायत प्रतिनिधियों को जब इसकी सूचना मिली। इसके साथ ही अन्य लोगों के भी फोन आने शुरू हो गए। उक्त पंचायत के अलावा बकरोआ पंचायत के जन्ननाथ व अन्य लोगों की कुल सात गायों को कुत्ते ने काटा है।
स्थानीय लोगों व पंचायत प्रतिनिधियों ने पशुपालन विभाग को सूचित किया और डाक्टर को घर बुलाया। डाक्टर ने पशुओं का इलाज शुरू कर दिया है। इसके साथ ही उक्त कुत्ते को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। यहां बता दें कि कुत्तों की काटने के मामले तो एक दिन आते रहते हैं, लेकिन पागल कुत्ते के काटने का जिला में इस साल की पहली घटना है। पिछले तीन माह में कुत्तों की काटने से 40 मामले आ चुके हैं।
ग्राम पंचायत औहर प्रधान प्रेम लता, उप-प्रधान रणजीत सिंह, बकरोआ पंचायत प्रधान कमलेश ने पशुपालन विभाग व प्रशासन से मांग की है कि ऐसे पागल व आवारा कुत्तों से निजाद दिलाई जाए। इसको लेकर वह स्थानीय प्रशासन से बातचीत भी करेंगे। उधर पशु पालन विभाग की एमओ घुमारवीं डा. सोना कटोच ने बताया कि गायों को काटने की सूचना मिली है। उक्त कुत्ते को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
