न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 15 नवंबर। कृषि विभाग ने एग्रीस्टैक परियोजना के तहत डिजिटल क्रॉप सर्वे के लिए निजी सर्वेयरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस सर्वे का उद्देश्य प्रदेश के सभी पंचायत क्षेत्रों में फसलों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी को डिजिटल माध्यम से एकत्रित कर कृषि डेटा को अधिक सटीक और आधुनिक बनाना है। यह जानकारी उपनिदेशक कृषि प्रेम ठाकुर ने दी।
उन्होंने बताया कि आवेदनकर्ता की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए तथा आधार कार्ड और बैंक विवरण अनिवार्य हैं। इसके साथ ही उम्मीदवारों को मोबाइल एप्लिकेशन के उपयोग में दक्ष होना चाहिए और अपने स्थानीय क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति की जानकारी होना आवश्यक है।
उपनिदेशक ने बताया कि एटीएम, बीटीएम, सुपरवाइजर, कृषि प्रसार अधिकारी, कृषि-बागवानी-वन स्नातक, कृषक साथी, पशु साथी, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य, पैक्स सचिव व पंचायत प्रतिनिधि इस सर्वे में आवेदन कर सकते हैं।
इच्छुक उम्मीदवार विभाग की वेबसाइट hpdcsa.agristack.gov.in/crop-survey-hp या गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध डीसीएस हिमाचल प्रदेश ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण कार्य में शामिल व्यक्तियों को विभाग द्वारा उचित प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। अधिक जानकारी के लिए कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट agriculture.hp.gov.in पर संपर्क किया जा सकता है।
