न्यूज अपडेट्स
ऊना, 19 अक्टूबर। प्रदेश सरकार ने एचआरटीसी कर्मचारियों और पेंशनरों के लंबित एरियर, पेंशन, लीव एनकैशमेंट तथा अन्य वित्तीय देनदारियों के निपटारे के लिए बड़ी राहत दी है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को ऊना में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि सरकार ने इन मदों के लिए करोड़ों रुपये की राशि जारी कर दी है।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि 75 वर्ष से अधिक आयु के 647 पेंशनरों को 23 करोड़ रुपये का एरियर जारी किया गया है। यह एरियर वर्ष 2022 में घोषित हुआ था और 1 जनवरी 2016 से देय था। इसके अतिरिक्त 222 सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए 29 करोड़ 47 लाख रुपये की राशि जारी की गई है, जिनकी पेंशन अप्रैल 2024 से लंबित थी। इसमें कम्यूटेशन राशि भी शामिल है।
अग्निहोत्री ने आगे बताया कि सितंबर 2025 माह की पेंशन के भुगतान के लिए 23 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। वहीं, लीव एनकैशमेंट के लिए 33 करोड़ रुपये और डेथ-कम-रिटायरमेंट ग्रेच्युटी (DCRG) के लिए भी 33 करोड़ रुपये इसी महीने जारी किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि किसी भी पेंशनर या कर्मचारी को अपने वित्तीय अधिकारों के लिए प्रतीक्षा न करनी पड़े। सरकार वित्तीय अनुशासन के साथ-साथ कल्याणकारी दृष्टिकोण से कार्य कर रही है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) प्रदेश की जनसेवा का प्रमुख माध्यम है और सरकार इसे सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों और पेंशनरों से जुड़े सभी मामलों का निपटारा शीघ्रता और प्राथमिकता से किया जाएगा।