न्यूज अपडेट्स
शिमला, 11 अक्टूबर। हिमाचल पथ परिवहन निगम यात्रियों को बेहतर सुविधाओं व पर्यावरण प्रदुषण से मुक्ति हेतु इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद पर ज्यादा जोर दे रहा है। जिसके चलते सरकार 297 इलेक्ट्रिक बसें दिसंबर व जनवरी में एचआरटीसी के बेड़े में ओर शामिल करने जा रही है।
बता दें नवंबर में दो इलेक्ट्रिक बसें ट्रायल के लिए शिमला आ रही हैं। इसमें यह देखा जाएगा कि एक बार चार्ज करने पर बसें कितने किलोमीटर सफर कर सकती हैं। इन सभी बसों को लंबे रूटों पर चलाया जाएगा। प्रत्येक बस का 200 किलोमीटर आना-जाना रहेगा। इलेक्ट्रिक बसों के लिए बस अड्डों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
जिसके लिए पथ परिवहन निगम ने इसका काम शुरू कर दिया है। इन बसों के आने से एचआरटीसी के बेड़े से कुछ पुरानी बसें भी हटेंगी। 412 करोड़ रुपये से इन बसों की खरीद होगी। दिसंबर महीने से इलेक्ट्रिक बसों की खेप आनी शुरू हो जाएगी। जनवरी अंत तक सभी 297 बसें हिमाचल पहुंच जाएंगी। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि निगम के बेड़े में 297 नई इलेक्ट्रिक बसों को जोड़ा जा रहा है। दिसंबर से बसें आनी शुरू हो जाएंगी।
वहीं सीएम सुक्खू ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम की ओर से डीजल बसों को चरणबद्ध तरीके से ई-बसों से बदला जा रहा है। 124 करोड़ रुपये की लागत से बस अड्डों पर ई-चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित किए जा रहे हैं। इन ई-बसों की खरीद के अलावा वित्तीय वर्ष 2025-26 में 500 और ई-बसें खरीदी जाएंगी। सरकार का यह कदम वायु प्रदूषण को कम करने के साथ-साथ पर्यावरणीय संसाधनों के संरक्षण में भी सहायक सिद्ध हो रहा है।
