न्यूज अपडेट्स
ऊना, 27 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश के ऊना ज़िले में वन विभाग ने रविवार तड़के अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। अंब रेंज के अंतर्गत सुबह चार से सात बजे तक चले विशेष अभियान में विभाग ने प्रतिबंधित प्रजातियों की लकड़ी से लदे छह वाहनों को जब्त किया है।
सूत्रों के अनुसार, वन विभाग को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि अंब क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों में कुछ गिरोह जंगलों से मूल्यवान चौड़ी पत्ती वाली लकड़ी की अवैध कटाई और ढुलाई कर रहे हैं। रेंज अधिकारी राहुल ठाकुर के नेतृत्व में गठित तीन विशेष टीमों ने अलग-अलग मार्गों पर जाल बिछाया और सुबह की धुंध के बीच निगरानी अभियान चलाया।
करीब तीन घंटे तक चली इस कार्रवाई में विभाग ने छह वाहनों को पकड़ा, जिनमें बड़ी मात्रा में अवैध लकड़ी लदी हुई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इनमें से चार वाहन ऊना जिले के हैं, जबकि दो वाहन कांगड़ा और हमीरपुर जिलों से संबंधित हैं। सभी वाहनों को जब्त कर चालकों और मालिकों के खिलाफ वन संरक्षण अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
डीएफओ सुशील राणा ने बताया कि विभाग अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटा है। उन्होंने कहा कि अवैध कटाई और ढुलाई करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और नाकाबंदी और अधिक कड़ी की जा रही है।
अभियान में ग्रामीणों और वन मित्रों की सक्रिय भूमिका भी सराहनीय रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के महीनों में लकड़ी की तस्करी के मामलों में वृद्धि हुई थी, लेकिन वन विभाग की इस सख्त कार्रवाई से अब लोगों में भरोसा वापस लौटा है।
