Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

CM सुक्खू ने बड़सर को दी 300 करोड़ की सौगातें, शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़कों में बड़े ऐलान

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
हमीरपुर, 25 अक्तूबर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बड़सर विधानसभा क्षेत्र में विकास की कई योजनाओं की घोषणा करते हुए क्षेत्र को करोड़ों की सौगात दी। उन्होंने बड़सर अस्पताल को 100 बिस्तरों की क्षमता में स्तरोन्नत करने, बड़सर में 17.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मिनी सचिवालय जनता को समर्पित करने और 96 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों के सुदृढ़ीकरण का ऐलान किया। इसके साथ ही 65 करोड़ रुपये की योजना के तहत बाबा बालकनाथ मंदिर और आसपास के क्षेत्रों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बड़सर की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में अगले सत्र से सीबीएसई कक्षाएं शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब तक प्रदेश के 20 सरकारी विद्यालयों को सीबीएसई मान्यता दी जा चुकी है। इसके अलावा बड़सर में इनडोर स्टेडियम, पार्किंग सुविधा, स्थानीय कॉलेज में एम.ए. और एम.कॉम कक्षाओं की शुरुआत, तथा पंचायतों व मुख्य बाजारों में सोलर और हाइमास्ट लाइटें लगाने की भी घोषणा की।

उन्होंने बताया कि हमीरपुर चिकित्सा महाविद्यालय में कैंसर केयर संस्थान पर 300 करोड़ रुपये और सात नए विशेषज्ञ विभागों पर 100 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं के आधुनिकीकरण के लिए सरकार 3,000 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है, जिसके तहत 69 आदर्श स्वास्थ्य संस्थान स्थापित किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकार ने विकास के नाम पर 1,000 करोड़ रुपये की लागत से भवन तो बनाए, लेकिन वे आज खाली पड़े हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बिना शिक्षक उपलब्धता सुनिश्चित किए 600 स्कूल खोल दिए, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में गिरावट आई और राज्य की रैंकिंग 21वें स्थान पर चली गई। वर्तमान सरकार के प्रयासों से राज्य अब असर रिपोर्ट में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।

उन्होंने कहा कि शराब ठेकों की नीलामी प्रणाली लागू कर सरकार ने राज्य को प्रतिवर्ष 450 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय दी है और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाकर 3,000 करोड़ रुपये की बचत की है, जिससे विधवाओं, अनाथों और जरूरतमंदों के लिए कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए मक्की का न्यूनतम समर्थन मूल्य 30 से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति किलोग्राम, गेहूं का 40 से 60 रुपये और हल्दी का 90 रुपये प्रति किलोग्राम किया गया है। पशुपालकों के लिए गाय के दूध का एमएसपी 45 से बढ़ाकर 51 रुपये और भैंस के दूध का 55 से बढ़ाकर 61 रुपये प्रति लीटर किया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने अनाथ बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के रूप में अपनाया है और 27 वर्ष की आयु तक उनकी देखभाल की जाएगी। साथ ही, ‘मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना’ के तहत 23,000 विधवाओं, तलाकशुदा और दिव्यांगजनों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधा दी जा रही है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!