न्यूज अपडेट्स
शिमला, 29 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों से अनोखी शादियों की खबर तो आपने सुनी ही होगी। पर शायद ही ऐसी शादी देखी हो जहां दूल्हे की सुरक्षा के लिए z+ सिक्योरिटी का इंतजाम हो। जी हां राजधानी शिमल में हुई एक शादी में ऐसा ही कुछ अतरंगा सा देखने को मिला है।
शिमला जिले के सुन्नी (घरयाणा) में एक भव्य निरंकारी विवाह समारोह आयोजित किया गया, जिसने आसपास के लोगों और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना दिया। दूल्हा वंश और दुल्हन सकीना की शादी में मुख्य आकर्षण बाउंसर रहे।
बारात हरियाणा के पंचकूला से सुन्नी पहुंची। पूरे समारोह के दौरान दूल्हा और दुल्हन के चारों ओर उच्च स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई। स्थानीय पुलिस और प्राइवेट सुरक्षा गार्ड्स ने सुनिश्चित किया कि किसी भी अतिथि या आम दर्शक को दूल्हा-दुल्हन के बहुत करीब जाने की अनुमति न मिले। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के चलते यह विवाह समारोह पूरी तरह व्यवस्थित और शांतिपूर्ण रहा।
विवाह समारोह में दूल्हे का सेहरा सोने और हीरे से सजा हुआ था, जो समारोह के शाही अंदाज को और बढ़ा रहा था। इसके साथ ही दूल्हे के गले में विदेशी मुद्रा से बने हार ने सबका ध्यान खींचा। वहीं, दुल्हन भी परंपरागत और आकर्षक कपड़ों में सज-धज कर समारोह की रौनक बढ़ा रही थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने इतने भव्य और सुरक्षित विवाह समारोह की पहले कभी झलक नहीं देखी। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें और वीडियो शेयर कर इस शाही विवाह की प्रशंसा की। कुछ लोगों ने विवाह के सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन की भी सराहना की।
