न्यूज अपडेट्स
मंडी, 22 सितंबर। हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के सोमवार को सुंदरनगर दौरे के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुराना बस स्टैंड के समीप यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कंगना रनौत का विरोध करते हुए उन्हें काले झंडे दिखाए और 'कंगना गो बैक' तथा 'कंगना रनौत भाग गई' के नारे लगाए।
प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने ऐन वक्त पर कंगना के काफिले का रूट बदल दिया, जिसके चलते वह प्रस्तावित सभा स्थल तक नहीं पहुंच पाईं। इससे नाराज कार्यकर्ताओं ने विरोध और तेज कर दिया।
यूथ कांग्रेस का आरोप
विरोध का नेतृत्व कर रहे यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष निखिल ठाकुर ने आरोप लगाया कि कंगना रनौत चुनाव जीतने के बाद जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी हैं। विकास कार्यों की जगह वह केवल विवादित बयानों और सोशल मीडिया तक सीमित रह गई हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ‘बचत उत्सव’ मना रही है जबकि पहले ‘लूट उत्सव’ चला रही थी।
भाजपा कार्यकर्ता भी उतरे मैदान में
कंगना के खिलाफ नारेबाजी होती देख भाजपा कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और कांग्रेस विरोधी नारे लगाने लगे। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया और यातायात भी बाधित हुआ। हालात काबू में करने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को सामान्य किया।
सुरक्षा कारणों से बदला गया रास्ता
प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से कंगना रनौत के काफिले को वैकल्पिक मार्ग से गंतव्य तक भेजा। हालांकि इससे उनकी सुरक्षा तो सुनिश्चित हुई, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा और भड़क गया।
पहले भी हो चुका है विरोध
यह पहला मौका नहीं है जब कंगना रनौत को अपने क्षेत्र में विरोध का सामना करना पड़ा हो। हाल ही में कुल्लू जिले के तलीकूहल में आपदा प्रभावित क्षेत्र के दौरे के दौरान भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ ‘कंगना गो बैक’ के नारे लगाए थे।
लगातार बढ़ रहे विरोध से साफ है कि सांसद कंगना रनौत को अब जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और जमीनी स्तर पर सक्रियता दिखाने की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। वरना विरोध की यह लहर आने वाले समय में और तेज हो सकती है।