न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश), 22 सितंबर। जिला बिलासपुर में हिमाचल रोडवेज परिवहन निगम (HRTC) की बंदला रूट पर चलने वाली बसों में ओवरलोडिंग की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। 47 सीटर बसों में लगभग 100 यात्री सफर करने को मजबूर हैं, जिससे यात्रियों की जान पर बन आई है।
यात्रियों का कहना है कि पहले बंदला के लिए बस सेवा शाम 4:15 बजे चलती थी, लेकिन निगम प्रबंधन ने इसका समय आधा घंटा पहले कर दिया है। इसके चलते स्वाभाविक रूप से अगली बस में अत्यधिक भीड़ उमड़ रही है और ओवरलोडिंग की समस्या बढ़ गई है।
गौरतलब है कि वर्ष 2011 में भी बंदला सड़क मार्ग पर एक HRTC बस हादसे का शिकार हुई थी, जिसमें करीब 40 लोगों की मौत हो गई थी। हाल ही में भी एक बस की ब्रेक फेल हो गई थी, लेकिन चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों और यात्रियों ने मांग की है कि बस सेवा को पूर्व निर्धारित समय 4:15 बजे ही बहाल किया जाए। उनका कहना है कि बार-बार तकनीकी खराबी और ओवरलोडिंग के चलते किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
पूर्व जिला युवा कांग्रेस सचिव अनिल ने इस मुद्दे पर उपायुक्त बिलासपुर को लिखित शिकायत भेजी है और बस को पूर्व समय पर ही चलाने की मांग उठाई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी निगम प्रबंधन की होगी।