न्यूज अपडेट्स
घुमारवीं (बिलासपुर), 10 सितंबर। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि आगामी 2 और 3 अक्तूबर को घुमारवीं में सीर उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस उत्सव का प्रमुख उद्देश्य लोक कला, संस्कृति और पर्यावरण का संरक्षण एवं संवर्धन करना है।
मंत्री धर्माणी खंड विकास अधिकारी कार्यालय परिसर, घुमारवीं में उत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ‘सीर’ शब्द अपने आप में कई अर्थ समेटे हुए है, जिसमें आध्यात्मिकता और निरंतर चलने वाली प्रक्रिया भी शामिल है। इसी सोच के साथ सीर उत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष का मुख्य थीम ‘नेचर नर्चर’ रहेगा। इसके अंतर्गत प्रकृति संरक्षण पर केंद्रित खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियां आयोजित होंगी। मंत्री ने कहा कि यह उत्सव अन्य मेलों से भिन्न होना चाहिए, ताकि लोगों को प्रकृति के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ पुरातन कला और संस्कृति से नई पीढ़ी को जोड़ा जा सके।
धर्माणी ने कहा कि उत्सव के दौरान वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए थीम आधारित गतिविधियां होंगी। समाज में सकारात्मक कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने पर भी बल दिया जाएगा ताकि वे दूसरों के लिए प्रेरणा बन सकें।
उन्होंने विभिन्न विभागों को अपनी योजनाओं की प्रदर्शनी लगाने, प्राकृतिक उत्पादों को बढ़ावा देने और स्वास्थ्य जांच शिविर व आयुष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान किया जाएगा। साथ ही, उत्सव के दौरान आपदा राहत कोष में योगदान हेतु क्यूआर कोड भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि यह उत्सव बरसात की कठिन परिस्थितियों के बाद समाज में नई ऊर्जा और गतिशीलता लाने का प्रयास होगा। उन्होंने सभी विभागों और स्थानीय लोगों से उत्सव को सफल बनाने के लिए सहयोग का आह्वान किया।
इससे पहले sdm गौरव चौधरी ने उत्सव से संबंधित विस्तृत जानकारी दी और उपस्थित सरकारी व गैर सरकारी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सुझाव साझा किए।
