न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 28 सितंबर। शहर के डियारा सेक्टर वार्ड-8 में शुक्रवार देर रात दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते मामला इतना बिगड़ गया कि चार युवकों ने एक घर पर पथराव कर दिया। स्थिति और बिगड़ गई जब मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी आरोपियों ने पत्थर फेंके। करीब एक घंटे तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
कैसे भड़का विवाद
जानकारी के अनुसार रात करीब 10 बजे आरोपी युवक अमित कुमार, कन्नू, कुशल चंद और टकला कहासुनी के बाद हिंसा पर उतारू हो गए। आरोप है कि इन युवकों ने संदीप नामक व्यक्ति के घर को निशाना बनाया। पथराव से घर के शीशे टूट गए और आसपास के लोग भयभीत हो उठे।
शिकायतकर्ता का आरोप
संदीप ने पुलिस को बताया कि जब वह अपनी दुकान पर था, तभी चार युवक गाड़ी से आए और उसे धमकाया। डर के कारण वह घर चला गया, लेकिन थोड़ी ही देर में आरोपियों ने घर पर पथराव शुरू कर दिया।
पुलिस पर भी हमला
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। लेकिन उपद्रवी युवकों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। गनीमत रही कि किसी जवान को गंभीर चोट नहीं लगी। हैरानी की बात यह रही कि वारदात सिटी चौकी से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
एएसपी का बयान
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार चौधरी शनिवार सुबह मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होगी और पुलिस की ओर से किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही घटना के दौरान पुलिस की चूक की भी जांच होगी।
स्थानीय निवासियों की नाराज़गी
लोगों ने आरोप लगाया कि ये युवक पहले भी झगड़े और धमकियों जैसी घटनाओं में शामिल रहे हैं। कई बार शिकायतें होने के बावजूद कार्रवाई न होने से इनका हौसला बढ़ा है। शुक्रवार की घटना इसी लापरवाही का नतीजा बताई जा रही है।