न्यूज अपडेट्स
धर्मपुर (मंडी), 18 सितंबर। हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा ने मंडी ज़िला के धर्मपुर क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। इसका सबसे अधिक असर धर्मपुर बस अड्डा परिसर और एचआरटीसी डिपो पर पड़ा। नुकसान का आकलन करने के लिए हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के उपाध्यक्ष अजय वर्मा स्वयं धर्मपुर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
अजय वर्मा ने जानकारी दी कि आपदा से लगभग 20 बसें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इनमें से 18 बसें धर्मपुर डिपो की, जबकि एक-एक बस बिलासपुर और सरकाघाट डिपो की थी। इसके अलावा एचआरटीसी धर्मपुर की वर्कशॉप को गंभीर नुकसान पहुंचा है और निगम का पेट्रोल पंप पूरी तरह नष्ट हो गया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार निगम को 10 करोड़ रुपये से अधिक का वित्तीय नुकसान हुआ है।
उन्होंने कहा कि विकट परिस्थितियों के बावजूद निगम कर्मचारियों ने साहस और धैर्य का परिचय दिया। उपाध्यक्ष ने बताया कि कर्मचारियों की सजगता के कारण किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की जान नहीं गई। हालांकि, इस हादसे में दो टैक्सी चालकों की मौत हो गई, जिस पर उन्होंने गहरा शोक व्यक्त किया।
वर्मा ने बताया कि स्थानीय जनता की सुविधा के लिए धर्मपुर से लोकल बस सेवाएं पुनः शुरू कर दी गई हैं। वहीं लंबी दूरी की बस सेवाओं का संचालन अस्थायी रूप से सरकाघाट से किया जा रहा है।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. ए.के. आज़ाद, प्रकाश ठाकुर, उदय सकलानी, रजिंदर कुमार और आरएम मेहर चंद भी मौजूद रहे।
