न्यूज अपडेट्स
रामपुर बुशहर (शिमला), 30 सितंबर। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं नगर नियोजन मंत्री विक्रमादित्य सिंह अपनी पत्नी डॉ. अमरीन कौर के साथ विवाह के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र रामपुर पहुंचे। इस मौके पर नगरवासियों और समर्थकों ने उन्हें ऐतिहासिक अंदाज में स्वागत किया। सुबह से ही शहर के मुख्य मार्गों को स्वागत द्वारों, फूल-मालाओं और पारंपरिक सजावट से सजाया गया था।
जैसे ही मंत्री का काफिला रामपुर पहुंचा, ढोल-नगाड़ों, शहनाइयों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों से वातावरण गूंज उठा। महिलाओं ने विवाह गीत और मंगलाचरण गाकर नवदम्पति का अभिनंदन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को याद किया।
रामपुर राजदरबार में विशेष गृह प्रवेश समारोह आयोजित किया गया। पुजारियों ने पूजा-अर्चना कर नवदम्पति के सुखी दांपत्य जीवन की मंगलकामनाएं कीं। पूरे क्षेत्र में पटाखों की गूंज, संगीत और पारंपरिक नृत्यों ने दिवाली जैसा माहौल बना दिया। इस अवसर पर पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
विक्रमादित्य सिंह 30 सितंबर को तकलेच में आपदा प्रभावित सड़कों का निरीक्षण, झाकड़ी में जिम का उद्घाटन और सराहन स्थित भीमाकाली मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होंगे। 1 अक्टूबर को वे गानवी में पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा करेंगे, जबकि 2 अक्टूबर को सुन्नी में जिला स्तरीय दशहरा उत्सव का शुभारंभ और शाम को शिमला के टुटू में रावण दहन कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
रामपुर में यह दिन नगरवासियों के लिए यादगार बन गया, जब परंपरा, संस्कृति और उत्सव के बीच उन्होंने अपने मंत्री और उनकी धर्मपत्नी का ऐतिहासिक स्वागत किया।
