न्यूज अपडेट्स
बद्दी, 19 सितंबर। दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने शुक्रवार को बद्दी में पत्रकार वार्ता कर राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन पर तीखा पलटवार किया। विधायक ने आरोप लगाया कि हर्ष महाजन झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने की ओछी राजनीति कर रहे हैं।
राम कुमार चौधरी ने कहा कि वास्तव में हर्ष महाजन ही उनके निवास पर मिलने आए थे और भाजपा में शामिल होने के लिए बड़े न्यौते दिए थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो नेता स्वयं कांग्रेस को दगा देकर भाजपा में जा बैठे हैं, उन्हें निराधार आरोप लगाना शोभा नहीं देता।
गौरतलब है कि हाल ही में बद्दी दौरे पर आए सांसद हर्ष महाजन ने एक जनसभा में दावा किया था कि दून विधायक और उनकी धर्मपत्नी उनसे चंडीगढ़ में मिलकर भाजपा में शामिल होने की गुहार लगा रहे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि विधायक ने अपने अवैध कारोबार से बचने के लिए मदद मांगी थी।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक चौधरी ने कहा कि सांसद को कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाने के बजाय केंद्रीय मदद और ठप्प पड़े फोरलेन मार्ग को गति देने के मुद्दे उठाने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि हर्ष महाजन कांग्रेस को कमजोर करने की जिम्मेदारी लेकर घूम रहे थे, लेकिन उनके मंसूबे पूरे नहीं हो सके।
इस मौके पर दून ब्लॉक कांग्रेस प्रधान कुलतार मेहता, पूर्व प्रधान अच्छरपाल कौशल, मान सिंह कुंडलस, ब्लॉक यूथ कांग्रेस अध्यक्ष कुलवीर चौधरी, उपप्रधान बिल्लू खान, सुरेंद्र कुमार, चन्नू, अभी चौधरी, दिनेश व मितू सैणी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
