न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 20 सितंबर। (अनिल) बंदला सहित आसपास के ग्रामीण रूटों पर चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बसें आए दिन तकनीकी खराबियों के कारण यात्रियों को बीच रास्ते में ही उतारने पर मजबूर कर रही हैं। शुक्रवार शाम को भी ऐसा ही वाकया सामने आया जब बिलासपुर डिपो से बंदला के लिए साढ़े पांच बजे रवाना हुई बस महज एक किलोमीटर चलने के बाद ही खराब हो गई।
बस स्टाफ ने तत्काल उच्च अधिकारियों से संपर्क कर दूसरी बस की मांग की। इसके बाद खराब बस को वर्कशॉप ले जाया गया और यात्रियों को अन्य बस में शिफ्ट किया गया। हालांकि, यह कोई पहला मामला नहीं है। यात्रियों का कहना है कि ऐसी घटनाएं रोज़ाना हो रही हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
वर्कशॉप पर उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं कि जब डिपो की कई बसें वर्कशॉप में खड़ी रहती हैं, तो क्या उनकी सही तरीके से मरम्मत नहीं की जाती? निगम ने वर्कशॉप में अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों की तैनाती कर रखी है, लेकिन बसों की हालत देखकर उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वर्कशॉप सड़क की हालत भी दयनीय
लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि वर्कशॉप की ओर जाने वाली सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। रोजाना अधिकारी इसी रास्ते से गुजरते हैं, लेकिन वर्षों से स्थिति जस की तस बनी हुई है।
लोगों का कहना है कि अगर समय रहते HRTC प्रबंधन ने ध्यान नहीं दिया तो यात्रियों का विश्वास निगम की सेवाओं से पूरी तरह उठ जाएगा।
