न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 17 अगस्त। जिला बिलासपुर के थाना तलाई के अंतर्गत बरठीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CH) में 16 अगस्त 2025 को एक 45 वर्षीय व्यक्ति संजीव कुमार, पुत्र लेख राम, निवासी गांव बलोह, डाकघर वाड़ी मझेड़वां, तहसील घुमारवीं, की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। पुलिस को सूचना मिली कि संजीव कुमार को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान पता चला कि संजीव कुमार, जो बरठीं बाजार में मोटर मैकेनिक की दुकान चलाते थे, को ठेकेदार अजमेर सिंह ठाकुर द्वारा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत भल्लू से बलघाड़ सड़क पर डंगा निर्माण कार्य के लिए बुलाया गया था। कार्यस्थल पर कंक्रीट मिक्सर मशीन में खराबी आने पर संजीव को मशीन की मरम्मत के लिए बुलाया गया। करीब 11:00 बजे दिन में मशीन की मरम्मत के दौरान संजीव का पैर फिसल गया और वह जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें उठाया, लेकिन वह कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे थे। तत्काल उन्हें गाड़ी में डालकर बरठीं सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का निरीक्षण किया, जिसमें शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए। मृतक का पोस्टमार्टम घुमारवीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में करवाया गया। प्रारंभिक जांच के अनुसार, संजीव कुमार की मृत्यु मशीन की मरम्मत के दौरान पैर फिसलने और जमीन पर गिरने के कारण हुई प्रतीत हो रही है।
पुलिस थाना तलाई ने इस मामले में धारा 194 BNSS के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है और आगे की जांच जारी है। मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं, और पुलिस मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है।
