न्यूज अपडेट्स
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में दो मुसलमान फेरीवालों के साथ अभद्र व्यवहार करने वाली महिला BDC सदस्य पर गाज गिरी है। लंबागांव खंड की गंडदड़ बरडाम की महिला BDC सदस्य को जिलाधीश के आदेशों के बाद निलंबित कर दिया गया है।
महिला BDC सदस्य सस्पेंड
महिला BDC सदस्य सुषमा देवी ने लंबागांव क्षेत्र में आए दो कश्मीरी नागरिकों को हिमाचल ना आने की हिदायत दी थी। साथ ही उन्हें जय श्री राम के नारे लगाने के लिए कहा था।
नहीं पाई कोई संतोषजनक जवाब
आपको बता दें कि महिला के इस व्यवहार का फेरीवालों ने विरोध करते हुए आलमपुर पुलिस चौकी में महिला के खिलाफ FIR दर्ज करवाई थी। वहीं, BDO की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए DC कांगड़ा ने इस मामले को लेकर महिला को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिन के अंदर जवाब देने को कहा था। महिला द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। जिसके चलते महिला को सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की पुष्टि BDO लंबागांव सिंकदर सिंह ने की है।
फेरीवालों के साथ की बदसलूकी
इस घटना की एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। वीडियो में महिला दो कश्मीरी व्यक्तियों से बहस करती हुई नजर आ रही है, जो गांव में सामान बेचने आए थे। महिला कश्मीरी पुरुषों को सामान बेचने से रोकने का प्रयास करते हुए उन्हें अपने सामान को वापस ले जाने के लिए कह रही थी। वीडियो में वह कश्मीरी नागरिकों के खिलाफ कठोर भाषा का इस्तेमाल करती है और मुस्लिम समुदाय के आर्थिक बहिष्कार की बात करती है।
बहिष्कार करने की कही बात
महिला वीडियो में यह भी कह रही है कि अगर कश्मीरी नागरिक कुछ मुफ्त में भी देंगे, तो भी उनके सामान को नहीं लिया जाएगा। महिला हिंदू समुदाय से आग्रह करती हुई नजर आ रही है कि सिर्फ हिंदू दुकानदारों से ही सामान खरीदें और मुस्लिम दुकानदारों से दूरी बनाए रखें।
महिला का माफी मांगना
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर महिला के खिलाफ तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। लोगों ने महिला की टिप्पणी को भड़काऊ और समाज में नफरत फैलाने वाली माना। महिला ने माफी मांगते हुए बयान दिया कि वह जानबूझकर ऐसी बातें नहीं कहना चाहती थीं। उन्होंने कहा कि वह अकेले रहती हैं और उस समय डर के कारण उन्हें ऐसा बोलने की गलती हो गई। महिला ने अपने शब्दों के लिए खेद जताया और माफी मांगी।