न्यूज अपडेट्स
शिमला। देवभूमि कहे जाने वाले हिमाचल प्रदेश में आए दिन रिश्ते तार तार हो रहे हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल की राजधानी शिमला से सामने आया है। यहां एक सात साल की मासूम के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बड़ी बात यह है कि बच्ची के साथ इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने वाला शख्स उसकी मां का भाई है।
रिश्ते हुए तार तार
मिली जानकारी के अनुसार शिमला शहर में एक मामा ने रिश्तों को तार तार करते हुए अपनी ही सात साल की मासूम भानजी के साथ दुष्कर्म कर डाला है। पीड़ित बच्ची की मां ने पुलिस थाना में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। वहीं पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
बच्चों के साथ मायके आई थी महिला
पुलिस को सौंपी शिकायत में पीड़ित बच्ची की मां ने बताया कि उनका परिवार शिमला में किराये के मकान में रहता है। जबकि उसका मायका भी शिमला में ही है। पीड़िता की मां के अनुसार वह अपने बच्चों के साथ मायके आई हुई थी। पहली दिसंबर को जब वह अपने मायके में मौजूद थी, तभी रिश्ते में उसके चचेरे भाई ने उसकी सात साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
मामा ने कर दी घिनौती हरकत
पीड़ित बच्ची ने जब इस बारे में अपनी मां को बताया तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़िता की मां ने पुलिस थाना में पहुंच कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया और सख्त सजा की मांग की। वहीं पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शादीशुदा बताया जा रहा है।
आरोपी गिरफ्तार
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर महिला पुलिस थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2), 65(2) व 351(2) 6 पोक्सो अधिनियम में केस दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है।